Tuesday, October 20th, 2026

कठपुतली कला की सूत्रधार नीलिमा मोइत्रा नहीं रहीं, सीएम ने दुख जताया

बिलासपुर
विलुप्त प्राय कठपुतली नृत्य को देश-प्रदेश में नई पहचान देने वाली रंगकर्मी नीलिमा मोइत्रा का शनिवार दोपहर जरहाभाटा निवास पर निधन हो गया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। शिक्षिका रहीं मोइत्रा कठपुतली कला के लिए मुख्यमंत्री, राज्यपाल एवं राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त कर चुकी हैं।उनका अंतिम संस्कार सरकंडा मुक्तिधाम में किया गया।  वे स्वर्गीय विष्णु मोइत्रा की पत्नी एवं सुब्रत बॉबी मोइत्रा और अमित रोबी मोइत्रा की माता थीं।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कठपुतली कला मंच की संस्थापिका श्रीमती नीलिमा मोइत्रा के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। श्री बघेल ने अपने शोक संदेश में कहा है कि छत्तीसगढ़ में कठपुतली कला की सूत्रधार रहीं श्रीमती नीलिमा मोइत्रा का निधन एक अध्याय के समाप्त होने जैसा है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। मुख्यमंत्री ने श्रीमती नीलिमा मोइत्रा के शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है।

 

#कठपुतली कला

Source : Agency

पाठको की राय